लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन अहम जिलों बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे। दिनभर चलने वाले इस दौरे में मुख्यमंत्री 1,350 करोड़ रुपये से अधिक की 166 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबियां, लैपटॉप, थर्मल प्रिंटर और प्रमाणपत्र वितरित करेंगे। हर जिले में आयोजित जनसभाओं के जरिए मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर भी अपनी बात रखेंगे।
बुलंदशहर में 574 करोड़ की 57 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री का पहला पड़ाव बुलंदशहर होगा। यहां वह रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर, खंडवाया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद नुमाइश मैदान पहुंचकर 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबियां, थर्मल प्रिंटर और प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
अमरोहा में 207 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास
बुलंदशहर के बाद मुख्यमंत्री अमरोहा के गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। यहां 207 करोड़ रुपये से अधिक की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबियां, लैपटॉप और प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
संभल को मिलेंगी 569 करोड़ की 66 विकास परियोजनाएं
अमरोहा के बाद मुख्यमंत्री संभल पहुंचेंगे। इंटीग्रेटेड मुख्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम में वह 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री यहां भी जनसभा को संबोधित करेंगे और विकास कार्यों की जानकारी देंगे।
लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
तीनों जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता, आवास की चाबियां, लैपटॉप, थर्मल प्रिंटर और प्रमाणपत्र सौंपे जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ-साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
बरेली होते हुए लखनऊ लौटेंगे मुख्यमंत्री
संभल में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली होते हुए लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, नई योजनाओं की शुरुआत और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सोर्स – उत्तर प्रदेश सूचना विभाग






