अखिलेश का चुनावी शंखनाद: 26 नवंबर को आएगा सपा का घोषणा पत्र, बोले- 2027 में भाजपा का सफाया तय

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का अगला चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश की जनता पर है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के हर वर्ग को न्याय, हक और सम्मान मिलेगा। अखिलेश ने घोषणा की कि पार्टी 26 नवंबर 2026 को अपना घोषणा पत्र जारी करेगी।

अखिलेश यादव लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पार्टी पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अन्याय पर न्याय की जीत का पर्व है। सभी को बुराई पर अच्छाई की जीत का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से इसकी शुरुआत होगी और प्रदेश ही देश को बचाएगा।

महंगाई, बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग परेशान है। महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लूट और अन्याय चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसानों की आय कहां दोगुनी हुई। निवेश और नौजवानों को रोजगार देने के वादों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में अपराधी सक्रिय हैं और प्रदेश से श्रमिकों का पलायन हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए सपा को बदनाम कर रही है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उत्पीड़न किया जा रहा है। मतदाता सूची से नाम कटवाने का भी आरोप लगाया।

पीडीए को संविधान बचाने का संकल्प दिलाया

सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए ने संविधान बचाया है और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहब के दिए आरक्षण को समाप्त करने पर आमादा है और समाज में नफरत फैलाकर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसी कोशिशों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।

अखिलेश ने मतदाता सूची की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर अविश्वास जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ स्तर पर मतदाता सूची तैयार करने में गड़बड़ियां हो रही हैं। सपा के पीडीए प्रहरियों ने कई गलतियां पकड़ी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।

24 अक्टूबर को बूथों पर सतर्क रहने के निर्देश

अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से 24 अक्टूबर को अपने-अपने बूथ पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और कटने की प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने को कहा। उन्होंने कहा कि रामराज और समाजवाद में समानता है। उनके मुताबिक, नफरत फैलाने वाले नकली सनातनी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी के प्रति अपनापन रखने और किसी को दुख, पीड़ा या अपमान न देने की अपील की। साथ ही कानून के राज के साथ सामाजिक न्याय की व्यवस्था स्थापित करने का संकल्प लेने को कहा

 

thestatekhabar
Author: thestatekhabar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *