लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुँचे नागरिकों की शिकायतें और समस्याएँ ध्यानपूर्वक सुनीं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों ने आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, जमीन-जायदाद विवाद और आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएँ मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

सीएम योगी ने प्रत्येक फरियादी से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल और प्राथमिकता आधारित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक न्याय और राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी मामलों की समयबद्ध समीक्षा की जाए और समाधान में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। जनता दर्शन में आए कई लोगों को मौके पर ही आवश्यक आश्वासन और मदद प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजन, महिलाएँ और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से धैर्यपूर्वक उनकी बात सुनी और आश्वस्त किया कि सरकार हर नागरिक की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।







