CM Yogi:मेरठ की दिवंगत छात्रा ललिता गौतम के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बड़ा संदेश दिया। गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष जांच, मजबूत पैरवी और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दिया न्याय का भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत छात्रा ललिता गौतम के पिता वेदप्रकाश और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आरोपी को कानून से बचने का मौका नहीं मिलेगा।
लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने मामले की विवेचना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियोजन की प्रभावी पैरवी की जाए ताकि अदालत में दोषियों को कठोरतम दंड दिलाया जा सके।
₹5 लाख की सहायता, आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ
पीड़ित परिवार को तत्काल राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से ₹5 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मृतका के पिता और परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड और अन्य सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।
परिजनों ने जताया न्याय मिलने का विश्वास
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मृतका के पिता वेदप्रकाश और भाई प्रशांत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य और आत्मीयता के साथ उनकी बात सुनी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध में शामिल कोई भी आरोपी नहीं बचेगा। परिजनों ने कहा कि इस मुलाकात के बाद उन्हें न्याय मिलने का विश्वास और मजबूत हुआ।
वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के दौरान समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।






