स्वतंत्रता दिवस पर CM योगी की अपील, देश के लिए काम करें

Lucknow news: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की सुरक्षा के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 77 वर्ष पूर्व आज ही के दिन देश स्वतंत्र हुआ था। सैकड़ो वर्षों की पराधीनता के कालखण्ड के उपरान्त देश को स्वतंत्रता अचानक एक दिन में नहीं मिली। एक लम्बे संघर्ष एवं आन्दोलन के उपरांत यह दिन हम सभी को प्राप्त हुआ। आज का यह दिवस हम सभी के लिए आजादी के नायकों और महानायकों के सपनों को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध होने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में हमने एक नए भारत का दर्शन किया है। यह नया भारत एक भारत भी है और श्रेष्ठ भारत भी। विगत 10 वर्षों में भारत ने प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। देश की प्रगति के साथ हम भी सहभागी बने इसके लिए आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रधानमंत्री ने हर भारतवासी को पंचप्रण के संकल्प के साथ जोड़ा था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी के राज्य उत्तर प्रदेश ने विगत सात वर्ष के दौरान एक नई यात्रा प्रारम्भ की है। यह यात्रा समृद्धि और सुरक्षा की यात्रा है। यह यात्रा प्रत्येक नागरिक के चेहरे पर खुशहाली लाने की यात्रा है। इस यात्रा के सुखद परिणाम भी अब आते हुए दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत ने वर्ष 2014 से वर्ष 2024 तक 10 वर्षों में दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की एक यात्रा तय की है। वहीं उत्तर प्रदेश ने भी विगत 07 वर्षों के दौरान देश की छठी-सातवीं अर्थव्यवस्था से आज देश की दूसरी अर्थव्यवस्था के रूप में अपना स्थान बनाया है। आज उत्तर प्रदेश देश की जी0डी0पी0 में 9.2 प्रतिशत का योगदान करके, भारत का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *