शीतलहर के बीच प्रशासन सतर्क, अकबरपुर रैन बसेरे का एडीएम ने किया निरीक्षण

कानपुर देहात। शीतलहर और गलन भरी ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत देने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य ने तहसीलदार अकबरपुर के साथ अकबरपुर स्थित रैन बसेरे का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे में ठहरे निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। एडीएम ने स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश, गर्म वस्त्र, कंबल, बिस्तर और अलाव की स्थिति की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि रैन बसेरे में किसी भी व्यक्ति को असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।

एडीएम ने यह भी निर्देशित किया कि रैन बसेरे में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का अनिवार्य रूप से पंजीकरण किया जाए और उनकी जरूरतों के अनुसार समय-समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। ठंड को देखते हुए पर्याप्त कंबलों की उपलब्धता और रात्रि में अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शीतलहर से प्रभावित कोई भी व्यक्ति परेशानी न झेले, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मौजूद कर्मचारियों ने दिए गए निर्देशों के अनुपालन का भरोसा दिलाया।

thestatekhabar
Author: thestatekhabar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *