शराब के पैसे पर विवाद: मुंहबोले भतीजे ने चाचा की ईंट से की हत्या,गिरफ्तार

कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नानकारी प्रधान गेट निवासी रामवीर के 30 वर्षीय बेटे सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ही मुंहबोले भतीजे अतुल वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब के पैसे को लेकर हुए विवाद में गुस्से में आए अतुल ने चाचा के सिर पर ईंट से वार किया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

घटना बीते मंगलवार शाम की है, जब सोनू बारासिरोही स्थित एक खाली प्लॉट में बेहोश पाए गए। हमलावर उसे मरा समझकर फरार हो गए। बुधवार सुबह क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने घायल सोनू को देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे हैलट अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वारदात को सोनू के मुंहबोले भतीजे अतुल वाल्मीकि ने अंजाम दिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मुंहबोले चाचा सोनू को लंबे समय से जानता था। मंगलवार शाम दोनों की मुलाकात शराब की दुकान पर हुई थी। मुंहबोले चाचा सोनू ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे, जिसे देने से उसने इनकार कर दिया। इस पर मुंहबोले चाचा गाली-गलौज करते हुए पास के खाली प्लॉट में जाकर बैठ गया। जब वह वहां पहुंचा तो मुंहबोले चाचा ने फिर गालियां दीं, जिससे गुस्से में आकर उसने पास पड़ी ईंट से सिर पर वार कर दिया। खून बहता देख वह घबरा गया और मौके से फरार हो गया था।

डीसीपी पश्चिम ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में शराब को लेकर अतुल वाल्मीकि से विवाद की बात सामने आई थी।जिसके बाद अतुल वाल्मीकि को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

thestatekhabar
Author: thestatekhabar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *