अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आगमन के बाद महापौर, जनप्रतिनिधियों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रीरामलला के श्रीचरणों में शीश नवाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। दर्शन के समय मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर अयोध्या में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या के समग्र विकास को नई गति मिली है और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।







