कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र में गोवंश वध के मामले में वांछित दो आरोपियों को देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान ब्रेजा कार सवार आरोपियों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार, दो अवैध तमंचे, कारतूस और गोवंश वध में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए गए हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
चेकिंग के दौरान भागी कार, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस के मुताबिक, बाबा कुआं चौकी क्षेत्र में उपनिरीक्षक विश्व प्रकाश पांडेय अपनी टीम के साथ शिवराजपुर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शिवली की ओर से तेज रफ्तार काले रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा शुरू कर दिया।
कार अनियंत्रित हुई, फिर पुलिस पर फायरिंग
पीछा करते हुए कार जादेपुर घस्सा गांव जाने वाले मार्ग पर पहुंची, जहां चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे उतर गई। कार रुकते ही उसमें सवार दो युवक उतरकर भागने लगे। पुलिस टीम के करीब पहुंचते ही दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल आरोपियों ने अपनी पहचान मुबीन अहमद निवासी दलेलपुरवा, थाना अनवरगंज और शाहनवाज निवासी कुली बाजार, थाना बादशाही नाका के रूप में बताई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने 7 जुलाई की रात बाबा कुआं चौकी क्षेत्र में हुई गोवंश वध की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पूछताछ के दौरान इस वारदात में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी मिली है।
कार, तमंचे और हथियार बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की ब्रेजा कार, दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक चापड़ और एक चाकू बरामद किया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। वही डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि 7 जुलाई को चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुई गोवंश वध की घटना के संबंध में कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। घायल आरोपियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।






