लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्ग महिला का नोंचा था बाला, पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा गिरफ्तार

कानपुर। कल्याणपुर के गौतम बुद्ध चौराहे के पास अधिवक्ता की मां के कान से सोने का बाला नोंचकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बिठूर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया।

घर छोड़ने का झांसा देकर बाइक पर बैठाया

राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी अधिवक्ता प्रेम कुमार की मां संतोष कुमारी इंदिरा नगर में निर्माण कार्य करा रही हैं। मंगलवार को काम खत्म होने के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उन्हें घर छोड़ने की बात कही। महिला उसके झांसे में आ गईं और बाइक पर बैठ गईं।गौतम बुद्ध चौराहे के पास पहुंचने पर युवक ने बाइक रोक दी। महिला के नीचे उतरते ही आरोपी ने उनके कान से सोने का बाला नोंच लिया और बाइक लेकर फरार हो गया। संतोष कुमारी ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। घर पहुंचकर उन्होंने बेटे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सीसीटीवी ने खोला लुटेरे तक पहुंचने का रास्ता

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक कैमरे में आरोपी बाइक से भागता दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुट गई।शुक्रवार को बिठूर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बाइक सवार संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। आरोप है कि पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी कल्याणपुर भेजा गया।

लूटा गया बाला, बाइक और तमंचा बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोहना निवासी इमरान उर्फ राजा (22) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से महिला से लूटा गया सोने का बाला, वारदात में इस्तेमाल बाइक और 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लूटा गया बाला बेचने के लिए सुनार के पास जा रहा था।

छह मुकदमों का आरोपी है इमरान

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। बरामद तमंचे, बाइक और सोने के बाले को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

thestatekhabar
Author: thestatekhabar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *