लखनऊ। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। बिजली फॉल्ट होने पर उसे कम से कम समय में ठीक कराने के लिए फील्ड गैंग को अलर्ट रखा गया है। शक्ति भवन में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय कर छह अधीक्षण अभियंताओं की तैनाती की गई है। अधिकारी वितरण निगमों के कंट्रोल रूम से लगातार समन्वय कर बिजली आपूर्ति की स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने लेसा समेत सभी वितरण निगमों के अधिकारियों को स्थानीय फॉल्ट की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित होने पर संबंधित गैंग तुरंत मौके पर पहुंचे और मरम्मत का काम पूरा करे। फॉल्ट की जानकारी उपभोक्ताओं तक भी संचार माध्यमों के जरिये पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के दौरान बिजली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। अनुरक्षण और मरम्मत का काम सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कराने के निर्देश हैं।
अप्रत्याशित भारी बारिश के कारण प्रदेश में बिजली ब्रेकडाउन की घटनाएं बढ़ी हैं। इनमें अधिकांश फॉल्ट पेड़ या उनकी टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से हुए हैं। लखनऊ कंट्रोल रूम के अनुसार 11 केवी के 716 फीडर और 33 केवी के 173 सबस्टेशन बंद होने की सूचना मिली है। इनकी लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को जल्द आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शक्ति भवन के कंट्रोल रूम में तैनात छह अधीक्षण अभियंता वितरण निगमों के कंट्रोल रूम से फॉल्ट, मरम्मत गैंग, जरूरी सामग्री और 12 घंटे से अधिक समय से बाधित बिजली आपूर्ति की जानकारी ले रहे हैं। 1912 पर आने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने पर भी जोर दिया गया है।
बारिश के कारण प्रदेश में बिजली की मांग करीब 28 हजार मेगावाट से घटकर 16 हजार मेगावाट से नीचे आ गई है। मांग घटने से प्रदेश में कटौती नहीं की जा रही है और महानगरों से लेकर गांवों तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। अतिरिक्त बिजली पावर एक्सचेंज में बेची जा रही है।
वही उपभोक्ताओं से बिजली फॉल्ट या किसी भी विद्युत संबंधी घटना की सूचना तत्काल 1912 पर देने की अपील की है। शक्ति भवन के कंट्रोल रूम के नंबर 0522-2288737 और 0522-2288738 हैं। मध्यांचल के लिए 0522-4950397, केस्को के लिए 8189045757, पूर्वांचल के लिए 0542-2300137, दक्षिणांचल के लिए 9412719627 और पश्चिमांचल के लिए 9412749313 पर सूचना दी जा सकती है।






